चित्र से काव्य तक

"ओ बी ओ चित्र से काव्य तक छंदोंत्सव" में भाग लेने हेतु सदस्य इस समूह को ज्वाइन कर ले |

"ओ बी ओ चित्र से काव्य तक छंदोत्सव" अंक- 26

"ओबीओ चित्र से काव्य तक छंदोत्सव" अंक- 26  में आप सभी का हार्दिक स्वागत है. प्रस्तुत चित्र अंतरजाल से साभार लिया गया है.

धज्जी-धज्जी  है  धरा,  दिखे  दग्ध  भूगोल ।

किन्तु मध्य से लुप्त है, अब पानी  अनमोल ॥

गर्मी बढ़ने के साथ ही सूखे का सितम बढ़ने लगता है. पानी की किल्लत से लोगों का जीना दूभर हो जाता है. एक ओर भरी गर्मी में लगातार बढ़ते जाते तापमान के कारण सूखते जाते जल-संग्रह क्षेत्र हैं तो दूसरी ओर गाँव-समाज के निरुपाय लोगों को मुँह चिढ़ाती मिनरल वॉटर कंपनियों पर पानी की किल्लत का कोई असर नहीं दिखता. यह असामनता अमानवीय ही नहीं राक्षसी है. आम लोगों के हक का पानी इन वॉटर कम्पनियों को धड़ल्ले से मिल रहा है. धरती की छाती चिथड़े हुए दीखती है. लोगों में पानी को लेकर अफ़रा-तफ़री है परन्तु इन कम्पनियों का धंधा जोरों पर है. कैसे ? कब गर्मी के शुरु होते ही पानी के लिए हाहाकार मचाने की विवशता खत्म होगी ?

तो आइये, उठा लें अपनी-अपनी लेखनी.. और कर डालें इस चित्र का काव्यात्मक चित्रण ! और हाँ.. आपको पुनः स्मरण करा दें कि ओबीओ प्रबंधन द्वारा लिए गये निर्णय के अनुसार छंदोत्सव का आयोजन मात्र भारतीय छंदों पर आधारित काव्य-रचनाओं के आधार पर होगा.  कृपया इस छंदोत्सव में पोस्ट की गयी छंदबद्ध प्रविष्टियों के साथ सम्बंधित छंद का नाम व उस छंद की विधा का संक्षिप्त विवरण अवश्य उल्लेख करें. ऐसा न होने की दशा में आपकी प्रविष्टि ओबीओ प्रबंधन द्वारा अस्वीकार कर दी जायेगी.

 

नोट :-
(1) 16 मई 2013 तक रिप्लाई बॉक्स बंद रहेगा, 17 मई 2013 दिन शुक्रवार से 19 मई 2013 दिन रविवार तक के लिए Reply Box रचना और टिप्पणी पोस्ट हेतु खुला रहेगा.

सभी प्रतिभागियों से निवेदन है कि रचना छोटी एवं सारगर्भित हो, यानी घाव करे गंभीर वाली बात हो, रचना मात्र भारतीय छंदों की किसी भी विधा में प्रस्तुत की जा सकती है. हमेशा की तरह यहाँ भी ओबीओ के आधार नियम लागू रहेंगे तथा केवल अप्रकाशित एवं मौलिक सनातनी छंद ही स्वीकार किये जायेगें.

विशेष :-यदि आप अभी तक www.openbooksonline.com परिवार से नहीं जुड़ सके है तो यहाँ क्लिक कर प्रथम बार sign up कर लें.

अति आवश्यक सूचना :- ओबीओ प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है कि "ओबीओ चित्र से काव्य तक छंदोत्सव" अंक-26, तीन दिनों तक चलेगा. आयोजन की अवधि में प्रति सदस्य अधिकतम तीन रचनाएँ अर्थात प्रति दिन एक रचना स्वीकार की जा सकेगी, ध्यान रहे प्रति दिन एक रचना न कि एक ही दिन में तीन रचनाएँ. नियम विरुद्ध या निम्न स्तरीय प्रस्तुति को बिना कोई कारण बताये और बिना कोई पूर्व सूचना दिए प्रबंधन सदस्यों द्वारा अविलम्ब हटा दिया जायेगा, जिसके सम्बन्ध में किसी किस्म की सुनवाई नहीं की जायेगी.

मंच संचालक

सौरभ पाण्डेय
(सदस्य प्रबंधन समूह)

ओपन बुक्स ऑनलाइन डॉट कॉम

Load Previous Replies
  • up

    सदस्य टीम प्रबंधन

    Dr.Prachi Singh

    आदरणीय मंच संचालक महोदय 

    अत्यंत व्यस्तताओं के चलते इस बार रचना लिख पाना संभव नहीं हो रहा था...फिर भी प्रवष्टि अंकित कराने के मोह का संवरण नहीं कर सकी अतः चार त्वरित दोहे लिख प्रस्तुत करने का दुसाहस किया है , जिनमें कमियां संभावित हैं, फिर भी इन्हें छंदोत्सव में सम्मिलित करने अनुमति दें . सादर.

    दोहा छंद 

    अनावृष्टि के दैत्य का, उफ! विकराल स्वरूप

    टुकड़े-टुकड़े है धरा, तन झुलसाती धूप//१//

     

    पल-पल सूखे ज़िंदगी,हर मौसम निश-प्रात   

    जल-जल जीवन खोजता, बालक बिन पितु-मात//२//

     

    जल संचय तकनीक का, हो सुफलित उपयोग

    नीति विफल उस क्षेत्र में, जहाँ राशि उपभोग//३//

     

    लुप्त हुए जल स्त्रोत सब, खेत फसल बर्बाद

    ग्राम धाम कण-कण बिखर, झेलें नित अवसाद //४//

    9
  • up

    सदस्य टीम प्रबंधन

    Saurabh Pandey

    चित्र से काव्य तक छंदोत्सव अंक - 26  में कई तथ्यों पर सार्थक संवाद बने ;  कई संदर्भ, कई निर्णय तथा सामुहिक मंतव्य सामने आये जो छंद-प्रयास के क्रम में उनके विधानों की गूढता को खोलने की कुंजी होंगे.

    इस आयोजन के समापन की घड़ी में समस्त प्रतिभागियों, सुधी-पाठकों तथा शुभचिंतकों को सादर अभिनन्दन.

    सादर

    • up

      प्रधान संपादक

      योगराज प्रभाकर

      "ओबीओ चित्र से काव्य तक छन्दोत्सव" अंक-२६ को सफल बनाने के लिए सभी साथियों का दिल से शुक्रिया. कुशलता से इस आयोजन को संचालित करने के लिए आदरणीय सौरभ पाण्डेय जी को भी हार्दिक साधुवाद.  

      1