आदरणीय साहित्य प्रेमियो,
सादर अभिवादन ।
पिछले 65 कामयाब आयोजनों में रचनाकारों ने विभिन्न विषयों पर बड़े जोशोखरोश के साथ बढ़-चढ़ कर कलम आज़माई की है. जैसाकि आप सभी को ज्ञात ही है, महा-उत्सव आयोजन दरअसल रचनाकारों, विशेषकर नव-हस्ताक्षरों, के लिए अपनी कलम की धार को और भी तीक्ष्ण करने का अवसर प्रदान करता है. इसी सिलसिले की अगली कड़ी में प्रस्तुत है :
"ओ बी ओ लाइव महा उत्सव" अंक-66
विषय - "रास्ता/मार्ग"
आयोजन की अवधि- 09 अप्रैल 2016, दिन शनिवार से 10 अप्रैल 2016, दिन रविवार की समाप्ति तक
(यानि, आयोजन की कुल अवधि दो दिन)
बात बेशक छोटी हो लेकिन ’घाव करे गंभीर’ करने वाली हो तो पद्य- समारोह का आनन्द बहुगुणा हो जाए. आयोजन के लिए दिये विषय को केन्द्रित करते हुए आप सभी अपनी अप्रकाशित रचना पद्य-साहित्य की किसी भी विधा में स्वयं द्वारा लाइव पोस्ट कर सकते हैं. साथ ही अन्य साथियों की रचना पर लाइव टिप्पणी भी कर सकते हैं.
उदाहरण स्वरुप पद्य-साहित्य की कुछ विधाओं का नाम सूचीबद्ध किये जा रहे हैं --
तुकांत कविता
अतुकांत आधुनिक कविता
हास्य कविता
गीत-नवगीत
ग़ज़ल
हाइकू
व्यंग्य काव्य
मुक्तक
शास्त्रीय-छंद (दोहा, चौपाई, कुंडलिया, कवित्त, सवैया, हरिगीतिका आदि-आदि)
अति आवश्यक सूचना :-
सदस्यगण बार-बार संशोधन हेतु अनुरोध न करें, बल्कि उनकी रचनाओं पर प्राप्त सुझावों को भली-भाँति अध्ययन कर एक बार संशोधन हेतु अनुरोध करें. सदस्यगण ध्यान रखें कि रचनाओं में किन्हीं दोषों या गलतियों पर सुझावों के अनुसार संशोधन कराने को किसी सुविधा की तरह लें, न कि किसी अधिकार की तरह.
आयोजनों के वातावरण को टिप्पणियों के माध्यम से समरस बनाये रखना उचित है. लेकिन बातचीत में असंयमित तथ्य न आ पायें इसके प्रति टिप्पणीकारों से सकारात्मकता तथा संवेदनशीलता आपेक्षित है.
इस तथ्य पर ध्यान रहे कि स्माइली आदि का असंयमित अथवा अव्यावहारिक प्रयोग तथा बिना अर्थ के पोस्ट आयोजन के स्तर को हल्का करते हैं.
रचनाओं पर टिप्पणियाँ यथासंभव देवनागरी फाण्ट में ही करें. अनावश्यक रूप से स्माइली अथवा रोमन फाण्ट का उपयोग न करें. रोमन फाण्ट में टिप्पणियाँ करना, एक ऐसा रास्ता है जो अन्य कोई उपाय न रहने पर ही अपनाया जाय.
(फिलहाल Reply Box बंद रहेगा जो 09 अप्रैल 2016, दिन शनिवार लगते ही खोल दिया जायेगा)
यदि आप किसी कारणवश अभी तक ओपन बुक्स ऑनलाइन परिवार से नहीं जुड़ सके है तो www.openbooksonline.com पर जाकर प्रथम बार sign up कर लें.
महा-उत्सव के सम्बन्ध मे किसी तरह की जानकारी हेतु नीचे दिये लिंक पर पूछताछ की जा सकती है ...
"OBO लाइव महा उत्सव" के सम्बन्ध मे पूछताछ
"ओ बी ओ लाइव महा उत्सव" के पिछ्ले अंकों को पढ़ने हेतु यहाँ क्लिक करें
मंच संचालक
मिथिलेश वामनकर
(सदस्य कार्यकारिणी टीम)
ओपन बुक्स ऑनलाइन डॉट कॉम.
सदस्य कार्यकारिणी
rajesh kumari
पलायन वाद की गिरफ़्त में हैं गाम बेहिसाब
शहर के रास्तों में ढूँढते आराम बेहिसाब
बनाते मॉल छीन कर किसानों की जमीन पर
दिखाते ख़्वाब बाद में मिलेंगे काम बेहिसाब
यूँ ही आबादियाँ बढ़ी इसी रफ़्तार से अगर
चलेंगे रेंगते हुए लगेंगे जाम बेहिसाब
रही माटी न आज की मुनासिब पौध के लिए
बिखेरें बीज भ्रष्ट अगर उगेंगे नाम बेहिसाब
न होंगे बंद अगर दहेज़ के दस्तूर देखिये
निलामी के बजार में बिकेंगे राम बेहिसाब
निकालो रास्ते वही जहाँ खुशियाँ बहाल हों
अगर चलता रहा यूँ ही मिलेंगे घाम बेहिसाब
मौलिक एवं अप्रकाशित
Apr 10, 2016
Dr.Vijay Prakash Sharma
रास्ते
निकालने होते रास्ते
बनाना पड़ता मार्ग
पर बन जाती है पगडण्डी
चल देने मात्र से.
एक बार , दो बार ,
बार- बार
जीवन की ऊबड़- खाबड़
डगर पर।
मिटने लगता है
दूरियों का भान
समय सापेक्ष में.
जरूरत होती है
केवल एक सहचर की।
लोग आने लगते हैं
पीछे
बदल जाती है पगडण्डी
मार्ग में।
----------
विजय प्रकाश
(मौलिक व अप्रकाशित )
Apr 10, 2016
सदस्य टीम प्रबंधन
Saurabh Pandey
सहयोग और सहभागिता के लिए सभी सुधीजनों के प्रति आभार..
इस बार संचालक महोदय का नेट धोखा दे गया. वे शीघ्र ही संकलन तैयार कर समक्ष उपस्थित होंगे.
:-)))
शुभ-शुभ
Apr 10, 2016